Friday, December 26, 2014

1 जनवरी से फिर छपेगा एक रुपए का नोट, 20 साल बाद सरकार शुरू करेगी छपाई

1 जनवरी से फिर छपेगा एक रुपए का नोट, 20 साल बाद सरकार शुरू करेगी छपाई

नई दिल्ली. भारतीय बाजारों में बंद हो चुका एक रुपए का नोट नए साल से फिर से आपकी जेब में होगा। केंद्र सरकार दोबारा इसकी छपाई शुरू करने जा रही है। सूत्रों की मानें तो 1 जनवरी 2015 से इसकी छपाई फिर से शुरू हो सकती है। करीब 20 साल पहले एक रुपए के नोट की छपाई बंद कर दी गई थी।
 

सिक्के आने के बाद से बंद हुई थी छपाई

 
एक, दो व पांच रुपए के सिक्कों के चलन में आने के बाद सरकार ने इनके नोटों की छपाई को बंद कर दिया था। एक रुपए के नोट की छपाई नवंबर 1994 में बंद की गई थी। वहीं, दो रुपए के नोट की छपाई फरवरी 1995 में और पांच रुपए के नोट की छपाई नवंबर 1995 में बंद की गई थी। हालांकि, पांच रुपए के नोट को सरकार ने बाद में दोबारा छापना शुरू कर दिया था। अब सरकार ने एक रुपए के नोट की छपाई भी शुरू करने का फैसला किया है। वित्त मंत्रालय ने इसकी गजट अधिसूचना भी जारी कर दी है।
 

भारतीय सरकार के मुद्रण कारखाने में होगी छपाई

 
पहले की तरह इस बार भी एक रुपए के नोट की छपाई रिजर्व बैंक के मिंट के बजाय भारत सरकार के मुद्रण कारखाने में ही होगी। नया नोट मौजूदा वित्त सचिव राजीव महर्षि के हस्ताक्षर से जारी किया जाएगा। 
 

पहले से बड़ा होगा आकार

 
एक रुपए के नोट का आकार पहले के मुकाबले थोड़ा बड़ा होगा। इसका आकार 9.7 गुणा 6.3 सेंटीमीटर का होगा और इसके शीर्ष पर भारत सरकार लिखा नजर आएगा। नोट पर मल्टीटोनल वाटर मार्क में बिना सत्यमेव जयते शब्दों के अशोक की लाट अंकित होगी। मध्य भाग में सामान्य तौर पर न दिखने वाली संख्या '1' प्रकाशित होगी। नोट के दाईं तरफ 'भारत' शब्द अंकित होगा।
 
गुलाबी और हरे रंग का होगा मिश्रण
 
सूत्रों की मानें तो इस बार छपने वाले एक रुपए के करेंसी नोट का अगला हिस्सा गुलाबी और हरे रंग के मिश्रण में होगा। हिंदी व अंग्रेजी भाषा में वित्त सचिव के हस्ताक्षरों के साथ 'भारत सरकार' शब्द और रुपए के प्रतीक चिन्ह के साथ नए एक रुपए के सिक्के की छवि भी नजर आएगी। नोट के निचले हिस्से में दाईं ओर नोट का नंबर होगा।

No comments:

Post a Comment